चांडिल : चांडिल थाना परिसर में आज क्षेत्रीय शांति समिति की आयोजित एक बैठक में आगामी दुर्गापूजा को शांति, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में चांडिल अनुमंडलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, चांडिल अंचलाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, चांडिल अंचल सहित थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इसको लेकर बैठक में आगामी दुर्गापूजा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पूजा समितियों एवं उपस्थित सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. विशेष रूप से पूजा पंडालों में विद्युत व्यवस्था एवं विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन एवं फायर सेफ्टी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, डीजे एवं ध्वनि नियंत्रण, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं सतर्क उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए. सभी पूजा समितियों से अपील की गई कि वे प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन करते हुए शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दुर्गापूजा का आयोजन सुनिश्चित करें.







