
रांची : रिम्स में राजद सुप्रीमो लालू यादव की सुरक्षा में तैनात रहे एएसआई कामेश्वर रविदास की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजेटिव आयी है. इसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. एएसआई कामेश्वर रविदास तुपुदाना ओपी में पदस्थापित तथा रिम्स में लालू यादव की सुरक्षा में तैनात थे. पिछले गुरुवार की रात अपराधकर्मियों ने पत्थर से कूच कर उनकी हत्या कर दी थी. अपराधकर्मियों ने घटना को स्थानीय थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया था. हत्या करने के बाद उन्होंने शव को क्रशर खदान में फेंक दिया था. उसके बाद पानी से खून को धो कर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया था. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है. वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. इसके साथ ही कोरोना जांच के लिए स्वाब सैंपल लिया गया था. सैंपल की जांच के बाद से कामेश्वर रविदास की कोरोना रिपोर्ट पॉजेटिव आयी है. इसके बाद माना जा रहा है कि स्थानीय थाना के कई पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच के साथ ही उन्हें क्वारंटाइन किया जा सकता है.







