
चाईबासा : गोईलकेरा थाना क्षेत्र में जिला पुलिस ने नक्सलियों के नापाक मंसूबे को एक बार फिर नाकाम कर दिया है. पुलिस ने कुरकुटिया से हुसीपी जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते में तरोबड़ीपा से पहले सरांगटोला के पास से 11 लैंडमाइन बरामद किये हैं, जिसे बन निरोधक दस्ते के द्वारा नष्ट कर दिया गया है. चाईबासा पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थल पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के द्वारा सीरिज में केन बम लगाये गये हैं. सूचना के आलोक में चाईबासा जिला पुलिस, सीआरपीएफ-60 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ की बीडीडीएस टीम के द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान संयुक्त टीम के द्वारा सीरिज में लगाये गये 11 आईईडी केन बमों को डिटेक्ट किया गया. करीब 50 फीट के दायरे को कवर करते हुए कुरकुटिया से हुसीपी जाने के जंगल के कच्चे रास्ते में तरोबड़ीपा से पहले ससंगटोला के पास भिन्न-भिन्न वजन के (20 किग्रा तक वजन वाले) अलग-अलग कुल 11 केन बम सीरिज में कोर्डेक्स वायर से एक दूसरे से कनेक्ट थे तथा इन केन बमों को इनिसिएट करने के लिए तार कोर्डेक्स वायर के साथ कनेक्ट कर एक पहाड़ी के टॉप पर ले जाया गया था. सीरिज में लगे उक्त आईईडी केन बम भाकपा माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था. परंतु अभियान के दौरान एसओपी के अनुरूप उच्चतम सतर्कता बरतते हुए चाईबासा जिला पुलिस, सीआरपीएफ-60 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ की बीडीडीएस टीम के द्वारा आईईडी केन बमों को चिन्हित कर लिया गया एवं एसओपी का पालन करते हुए बीडीडीएस टीम के द्वारा सभी केन बमों को विधिवत यथास्थान नष्ट कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि उक्त कच्चे रास्ते का उपयोग ग्रामीणों के द्वारा आवागमन के लिये किया जाता है. इससे ग्रामीणों को भी काफी नुकसान हो सकता था. इस पूरे अभियान की मॉनेटरिंग जिले के पुलिस अधीक्षक एवं समादेष्टा 60 बटालियन सी आरपीएफ द्वारा की गई. इस संबंध में भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम यूपीए एक्ट एवं सीएलए एक्ट की सुसंगत धाराओं के अधीन गोइलकेरा थाना अन्तर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.







