
आदित्यपुर: बुधवार से सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत कर दी गई है. यहां वैसे लोगों को टीका दिया जाएगा, जो किसी असाध्य बीमारी से ग्रसित हैं. टीकाकरण अभियान में सीआरपीएफ 170 बटालियन के जवानों ने कोविड वैक्सीन का पहला डोज लिया. साथ ही साठ साल से अधिक उम्र के लोगों को भी कोरोना का टीका दिया गया.
इस दौरान प्रभारी डॉ मीरा मुर्मू ने आम लोगों से कोरोना का टीका लेने की अपील की. उन्होंने स्वदेशी टीके को पूरी तरह से सुरक्षित और भरोसेमंद बताया, और कहा इसके लगाने से किसी तरह का कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है. टीका लेने के आधे घंटे बाद इंसान सामान्य रूप से काम कर सकता है. हालांकि पहले दिन टीका लेने वालों की संख्या थोड़ी कम रही, लेकिन संभावना जताई जा रही है, कि जागरूकता के बाद टीका लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी होगी.



