
जमशेदपुर : अभी हाल ही में गुंजन यादव भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं कि उन पर जमीन हथियाने व जान मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उन्हें बदल कर किसी और को इस पद की जम्मेदारी देने की मांग होने लगी है. टेल्को के मनीफीट निवासी अजय कुमार पांडेय ने गुंजन यादव पर ये आरोप लगाते हुए उक्त मांग की है. अजय कुमार पांडेय ने बताया है कि गुंजन यादव के चार दोस्तों ने बालीगुमा में चार एकड़ भूखंड का सौदा किया. इस पर उनके (अजय कुमार पांडेय) समेत उक्त लोगों के बीच भूखंड पर अपार्टमेंट बना कर बेचने का करार हुआ. लेकिन रघुवर दास मुख्यमंत्री बने तो गुंजन यादव व उनके साथियों की नीयत बदल गयी. अजय कुमार पांडेय ने बताया है कि उनकी सहमती के बगैर उन लोगों ने जमीन की बिक्री शुरू कर दी. आपत्ति जताने पर जान मारने की धमकी दी. इसकी शिकायत तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास से की. उसके बाद कोर्ट में वाद दायर किया. अजय पांडेय ने कहा है कि अब महानगर अध्यक्ष बनने के बाद गुंजन यादव ने उस भूखंड पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है. इस संबंध में अजय कुमार पांडेय ने उच्च स्तरीय जांच कराते हुए अपनी जमीन पर कब्जा दिलाने का आग्रह किया है. इस आशय का पत्र उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा व पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को प्रेषित किया है.







