
जमशेदपुर : वैश्विक संकट कोरोना का संक्रमण झारखंड में तेजी से फैल रहा है. पिछले होली से ही देशभर में पर्व- त्यौहार बेहद ही सादगी पूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है. वैसे 1 अगस्त को बकरीद है, इसको लेकर हर साल जहां ईद के बाद से ही लोग तैयारियों में जुट जाते थे. वहीं इस साल बकरे का बाजार सुस्त नजर आ रहा है. जमशेदपुर के साकची स्थित ऐतिहासिक आम बागान मैदान जहां हर साल एक से बढ़कर एक बकरे पहुंचते थे. वैसे इस साल भी बकरे आ रहे हैं, लेकिन खरीददार नजर नहीं आ रहा. सुल्तान नाम का बकरा इस साल लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है जिसकी कीमत एक लाख बीस हजार बताई जा रही है. वैसे इस साल शहर का ही बकरा अधिक देखने को मिल रहा है. जहां 35 हजार से लेकर एक लाख 20 हजार तक के बकरे हैं. लेकिन खरीदारों के नहीं पहुंचने से बकरा बाजार सुस्त पड़ा हुआ है. वैसे व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ग्राहक जुटेंगे.







