देवघर : देवघर में एक बड़ी घटना प्रकाश में आयी है, जहां जसीडीह हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर केंमनकाठी के समीप जमुनिया गंजोरा रेलवे ट्रैक पर से एक किशोरी को बरामद किया गया है. किशोरी की उम्र 16 साल बताई जा रही है. उसके दोनों पैर कट गए हैं, जिसे देवघर के सदर अस्पताल मे भर्ती कराया गया है. पीड़िता ने बताया कि रात के वक्त वह घर से पानी भरने के लिए निकली थी. उसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने उसे अगवा कर लिया. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
जब उसे होश आया तब उसने खुद को रेलवे ट्रैक पर पाया. उसने देखा कि उसके दोनों पैर कटे हुए थे. फिर उसने अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी. उसके बाद उसे उठाकर सदर अस्पताल लाया गया. वहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की मानें तो, पीड़िता नाबालिग है लिहाजा उसका मेडिकल टेस्ट भी जरूरी है, जिसके बाद उसके साथ क्या कुछ हुआ, इसका खुलासा हो सकता है.




