जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थानांतर्गत हालुदबनी पंचायत निवासी ममता दत्ता (25) की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में सोमवार को एएसपी के नेतृत्व में पुलिस हालुदबनी पहुंची. वहां मृतका के घर व बस्तीवासियों से पुलिस ने पूछताछ की. इस क्रम में बस्तीवासियों ने ममता दत्ता की मौत पर दुःख जताया. साथ ही उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
बता दें कि पिछले दिनों ममता दत्ता के उनके ससुराल पक्ष के लोग उन्हें गंभीर स्थिति में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे. वहां उनकी मौत हो गयी. इसकी जानकारी मिलते ही ममता के मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे और मृतका के पति मिंटू दत्ता समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए ममता की हत्या किये जाने का आरोप लगाया था. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी. मायके पक्ष के लोगों का कहना था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें मौत की सूचना नहीं दी, बल्कि मृतका के चार वर्षीय बेटे ने फोन पर जानकारी दी थी. उस दौरान स्थानीय पुलिस ने मिंटू दत्ता और उनकी मां को हिरासत में ले लिया था.















