रांची : राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से मुहैया कराए गए सुरक्षा गार्ड को वापस कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा से संबंधित सारी सुविधाएं भी वापस कर दी हैं. मिली जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री विगत पांच दिनों से बिना सुरक्षा के ही घूम रहे हैं. यहां तक कि गुरुवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में भी वे बिना सुरक्षा के ही पहुंचे. बताया जा रहा है कि उन्होंने राज्य पुलिस मुख्यालय से प्राप्त एक पत्र से नाराज होकर सारी सुरक्षा सुविधाएं लौटाने का फैसला लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि हाल ही राज्य पुलिस मुख्यालय से वित्त विभाग को एक पत्र भेजा गया था, जिसमें वित्त मंत्री की सुरक्षा बेड़े से एक वाहन को वापस लिये जाने की बात कही गई थी. ध्यान रहे कि वित्त मंत्री की सुविधा में तीन वाहन चल रहे थे, जबकि उनकी सुरक्षा में 16 सुरक्षा कर्मी तैनात थे. वित्त विभाग के संयुक्त सचिव ने इससे संबंधित पुलिस मुख्यालय का पत्र वित्र मंत्री को भेज दिया. उसी पत्र से नाराज होकर वित्त मंत्री ने अपनी सारी सुरक्षा वापस करने का फैसला कर लिया.







