
घाटशिला : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन होने से मजदूर परिवार और असहाय लोगों के बीच भोजन की व्यवस्था करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसी परिस्थिति में घाटशिला की डॉ सुनीता देवदूत लोगों की मदद करने के लिए आगे आयी है. डॉ देवदूत लगातार लाकडाउन में विभिन्न गांव में जाकर लोगों की मदद कर रही हैं. रविवार को डॉक्टर सह समाजसेवी डॉ सुनीता देवदूत सोरेन ने मउभंडार के 30 जरूरतमंद परिवारों और दिव्यांगों के बीच खाद्य सामग्री चावल, दाल, आलू, तेल, नमक, मसाला के साथ स्वछता को भी ध्यान में रखते हुए साबुन और सर्फ का वितरण किया. आज जरूरतमंदों का यथासंभव जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ उपस्थित लोगों को कोरोना महामारी से बचने के लिए सामाजिक दूरियों को पालन करने के प्रति जागरूक किया. उन्होंने लोगों से कहा कि समय-समय पर साबुन से हाथ धोयें, ताजा भोजन करें, अनावश्यक घर से बाहर न निकलें. इस दौरान समाजसेवी निर्मला शुक्ला, दीपू दत्ता, रघुवंश मिश्रा, भवानी सिन्हा, मदन टुडू समेत अन्य लोग उपस्थित थे.














