
Ghatshila : ‘पनीर तो बेटा इन दिनों सोनार की दुकानों में छोटी-छोटी थैलियों में बिकेंगे’. फिल्म थ्री इडियट का यह डायलॉग तो आपको याद ही होगा. हालांकि फिल्म का यह डायलॉग इन दिनों प्याज के ऊपर फिट बैठ रहा है. घाटशिला के सब्जी बाजारों में रविवार को यह नजारा देखने को मिला, जहां प्याज को प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर के बेचा जा रहा है. इस एक प्याज की कीमत 8 से 10 रुपये तक है. जैसा प्याज का साइज वैसे ही इसकी कीमत. इन दिनों प्याज खुदरा बाजारों में 130 से 150 रुपये किलो तक मिल रहा है. यहां सब्जी बेच रहे लखन किस्कू ने बताया कि ग्राहक इन दिनों पाव भर प्याज ही खरीद रहे है. उसके लिए भी ग्राहक मोल भाव करने से पीछे नहीं हट रहे. इसी कारण एक प्याज को प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर बेच रहे है.
परसुडीह की मंडियों में 120 रुपये किलो खुदरा में मिल रहा प्याज
जमशेदपुर के परसुडीह बाजार समिति में प्याज का व्यापार करने वाले नरेश कुमार ने बताया कि रविवार को प्याज का खुदरा भाव 120 रुपये किलो रहा. 10 दिन पहले यह 60 रुपये किलो था. हालांकि आने वाले सात दिनों तक प्याज की कीमतों में कमी देखने को नहीं मिलेगी.






