चाईबासा : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को चाईबासा पहुंची. यहां जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गुदरी प्रखंड स्थित बुरुगुलीकेरा गांव जाकर राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने पत्थलगड़ी नरसंहार में मारे गये लोगों के परिवारों से मुलाकात की और उनका हाल व पीड़ा सुनी. इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को सभी आवश्यक सुविधाओं को मुहैया कराने का निर्देश दिया. उन्होंने इससे पूर्व डीजीपी कमल नयन चौबे को भी राजभवन बुलाकर इस मामले की जानकारी ली थी.
बता दें कि बुरुगुलीकेरा गांव में 19 जनवरी को दो गुटों में विवाद के बाद ग्रामीणों के एक गुट ने दूसरे गुट के सात लोगों की निर्मम हत्या कर दी गयी थी. मंगलवार को अपने दौरे के क्रम में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने 1967 ई0 में स्थापित स्कूलों का भी जायजा लिया और बच्चों से मुलाकात की. स्कूलों की पाक शाला को साफ रखने का आदेश भी दिया. आपको बता दें कि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का आज लोहरदगा दौरा भी था, जो स्थगित हो गया. राज्यपाल लोहरदगा में सीएए के समर्थन में निकाले गए जुलूस पर हुए हमले तथा उसके बाद वहां उत्पन्न तनाव की स्थिति की जानकारी लेने का कार्यक्रम था. लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित कर दिया.






