
धालभूमगढ़: धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी शालिनी खलखो की उपस्थिति में 15वें वित्त आयोग से संबंधित प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इसमें प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित सहायक निदेशक(पंचायत राज) आनंद शर्मा और डीपीएम-पंचायत राज राजू झा ने मुखिया और पंचायत सचिवों को योजनाओं के क्रियान्वयन कैसे किया जाना है, किन- किन योजनाओं को लिया जाना है, योजनाओं के भुगतान से संबंधित प्रक्रिया के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी. डीपीएम- पंचायत राज पदाधिकारी ने 15 वी वित्त आयोग के आबद्ध, अनाबद्ध निधि से ली जाने वाली योजनाओं की जानकारी दी और नेगेटिव लिस्ट के 9 बिंदुओं को विस्तार पूर्वक बताया. कहा कि किसी भी तरह के स्थापना मद और वेतन(मानदेय) आदि का भुगतान नहीं किया जाएगा,व्यक्तिगत लाभ की योजनाएं नहीं क्रियान्वित कराई जाएंगी, विशेष परिस्थितियों को छोड़कर हाईमास्ट लाईट का अधिष्ठापन नहीं किया जाएगा, यदि इस प्रकार की योजना का क्रियान्वयन आवश्यक हो तो इस संबंध में विभागीय स्तर से आदेश प्राप्त किया जाना आवश्यक होगा, ऐसी किसी योजना का क्रियान्वयन इस मद की राशि से नहीं कराया जाएगा. जिसका क्रियान्वयन किसी अन्य मद की राशि से किया जा रहा हो अथवा अन्य किसी मद से क्रियान्वयन हेतु चिन्हित, अधिसूचित हो, किंतु यह प्रावधान अभिशरण के माध्यम से ली गई योजनाओं पर लागू नहीं होगा समेत अन्य बिन्दुओं की जानकारी देकर कर्मियों को जागरूक किया गया.




