चांडिल: कोल्हान डीआईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना प्रभारी अजित कुमार को लाइन क्लोज कर दिया है. विदित हो कि पिछले दिनों डीआईजी के निर्देश पर चांडिल में संचालित अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ था. डीआईजी के जांच में थाना प्रभारी अजीत कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. कोल्हान के डीआईजी अजय लिंडा ने सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक को चांडिल थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.(नीचे भी पढ़े)
डीआईजी के एक्शन के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा को गुप्त सूचना मिली थी कि चांडिल के बिरीगोड़ा में दलमा की तराई में अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद उन्होंने विशेष छापामारी दल का गठन किया. जांचोपरांत विशेष छापामारी दल ने 14 जुलाई की शाम आबकारी विभाग और चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व थाना प्रभारी के साथ छापेमारी की. इस दौरान अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था. छापामारी के दौरान पुलिस ने उक्त स्थल से 1100 पेटी शराब बरामद किया था. इसके साथ ही सात लोगों को गिरफ्तार किया था. इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.



