गालूडीह : घाटशिला प्रखंड के बड़ाखुर्शी पंचायत की एक सड़क के निर्माण में जमकर हुए भ्रष्टाचार की लीपापोती की गई है. गुस्साए ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटा तो उन्होंने सड़क पर हाल में बिछाई गई तारकोल टारिंग को हाथ से उखाड़ दिया. इसके साथ ही ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों के कारनामों की भी पोल खुल गई. ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण के विरोध में सोमवार को संवेदक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा सड़क का जितना घटिया निर्माण किया गया है, उससे सड़क छह माह भी नही टिक पाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

मामला उजागर होने पर स्थानीय जिला पार्षद सुभाष सिंह भी मौके पर पहुंचे. विदित हो कि बड़ाखुर्शी पीएमजीएसवाई से काशिया तक तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया है. साथ ही इस सड़क पर डोबरो जुड़िया नाले के ऊपर एनपीसीसी पुल का निर्माण भी कराया गया है. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क और एनपीसीसी पुल के निर्माण पर 2,57,03,905 रुपये की लागत आई है. लेकिन निर्माण के दो महीने से भी कम समय में तारकोल टारिंग हाथ से उखड़ रही है. बरसात की शुरुआत में ही सड़क के नीचे का हिस्सा खोखला हो चुका है और पुल के आगे तो सड़क का बड़ा हिस्सा धंस भी गया है. ग्रामीणों ने इस पर सवाल उठाते हुए सरकार व प्रशासन से इस मामले की गहन जांच कराने की मांग की की है.(नीचे भी पढ़ें)

इस घोटाले के विरुद्ध प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों में मुखिया हरिपद सिंह, पद्मलोचन सिंह, भवानी गोप, जगदीश टुडू, मनोज शर्मा, सृष्टिधर महतो, रतन सिंह, शशिधर महतो, राजू महतो, जगन्नाथ महतो, जोगेंद्र सिंह, लाला सिंह, शुरू बिसोई आदि शामिल थे.




