लातेहार : माओवादियों के खिलाफ अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर 10 लाख के इनामी मुनेश्वर गंझू को गिरफ्तार किया है. मुनेश्वर पर 4 पुलिसकर्मियों के हत्याकांड में शामिल होने का भी आरोप है। वहीं मुनेश्वर के खिलाफ लातेहार और लोहरदगा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 78 से अधिक मामले दर्ज हैं। 23 नवंबर 2019 को चंदवा थाना क्षेत्र के लुकुइय मोड़ के पास पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर नक्सलियों ने हमला बोल दिया था. उस हमले में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी. उसमें मुनेश्वर भी शामिल था. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार लातेहार एसपी अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं और इकट्ठा हो रहे हैं. भाकपा माओवादी का एक दस्ता रविंद्र गंझु के नेतृत्व में चंदवा थाना क्षेत्र के मडवा गांव के निकट देखा गया. इस सूचना के बाद छापेमारी दल का गठन कर नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला गांव के पास से मुनेश्वर गंझू को पकड़ा. पुलिस ने उसके पास से 53 हजार रुपए कैश भी बरामद किए हैं. जानकारी के अनुसार मुनेश्वर लातेहार और लोहरदगा जिले में सक्रिय था और विभिन्न अपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था. मुनेश्वर नक्सली कमांडर रविंद्र का दाहिना हाथ समझा जाता था. इस गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है.




