नई दिल्ली : चंद्रयान – 3 की चांद के साउथ पोल पर सफल लैंडिंग के बाद रोवर प्रज्ञान ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर, कैल्सियम, लोहा, एल्युमिनियम, क्रोमियम, मैंगनीज, सिलिक़ॉन, टाइटेनियम एवं ऑक्सीजन होने का पता लगाया है. इसरो ने ने बताया है कि इनके अलावा चांद की सतह पर हाइड्रोजन की खोज अभी जारी है. इसरो की यह जानकारी पूरी दुनिया के लिए बड़ी खुशखबरी है. चांद के दक्षिणी ध्रुव पर आजतक कोई देश नहीं पहुंच पाया था. चंद्रयान-3 मिशन के तहत भारत ने चांद के दक्षिणी ध्रुव के रहस्यों को दुनिया के समक्ष उजागर करना शुरू किया है. विगत 23 अगस्त को भारत ने चांद के साउथ पोल पर इतिहास रचा था. लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से लैस चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सफल लैंडिंग हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)

इसरो ने मंगलवार को कहा कि चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान पर लगे एक उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सतह में गंधक होने की पुष्टि की है. इसरो ने यह भी कहा कि उपकरण ने उम्मीद के मुताबिक एल्युमिनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता लगाया है. इसरो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं. रोवर पर लगे लेजर संचालित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप (एलआइबीएस) उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सतह में गंधक होने की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है.’ बेंगलुरु में स्थित इसरो के मुख्यालय ने कहा, ‘उम्मीद के मुताबिक एल्युमिनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता चला है. हाइड्रोजन की तलाश जारी है’ एलआइबीएस उपकरण को इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स (एलईओएस)/इसरो, बेंगलुरु की प्रयोगशाला में विकसित किया गया है.(नीचे भी पढ़ें)
इससे पहले इसरो ने सोमवार को चौंकाने वाली जानकारी देते हुए बताया था कि चंद्रयान-3 मिशन के तहत भेजा गया ‘रोवर’ प्रज्ञान चंद्रमा की सतह पर अपनी जगह के ठीक आगे चार मीटर व्यास के एक गड्ढे के करीब पहुंच गया, जिसके बाद उसे पीछे जाने का निर्देश दिया गया. इसरो ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि वह अब सुरक्षित रूप से एक नए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है. अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि ’27 अगस्त को रोवर चार मीटर व्यास के एक गड्ढे के नजदीक पहुंच गया, जो इसकी अवस्थिति से तीन मीटर आगे था. इसने कहा, ‘रोवर को पीछे जाने का निर्देश दिया गया.’ इसरो ने बताया कि यह अब एक नए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है.














