
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के जगन्नाथपुर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत मुण्डूई पंचायत के बासुदेवपुर गांव में बीती रात तेज आंधी और बारिश से प्रभावित परिवारों के बीच स्थानीय विधायक की ओर से अनाज और तिरपाल का वितरण किया गया. विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि आपदा राहत के तहत सरकार की ओर मिलने वाली सहयोग राशि को भी दिलाने का प्रयास करेंगे. इसके लिए अंचलाधिकारी तृप्ति विजया कुजूर और प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार से बात की है. प्रभावित परिवारों की सूची सर्वेक्षण कर बनाएं. साथ ही क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों के टूटे फुटे घरों का भी जायजा लिया गया. ज्ञात हो कि तेज आंधी में जहां 15 घरों के छप्पर उड़ गए, वहीं दर्जनों पेड और बिजली के खंभे भी गिर गए थे. साथ ही गांव के एक पॉल्ट्री फॉर्म का पूरी छत भी उड गयी है. जिनके घरों के छप्पड़ उड़े हैं उन परिवारों ने दूसरे घरों में या फिर पलंग के नीचे घुस कर किसी तरह रात गुजारी थी. बासुदेवपुर गांव में सब कुछ बिखरा-बिखरा है. लोग नुकसान को देख कर काफी दुखी हैं. वहीं तेज आंधी में जोंटो गोप, सदानंद गोप, कृष्णा दास, रीतेश दास, दुर्गा पवार, रोहित पवार, अभिमन्यु गोप, दुष्यंत पवार, बबलू पवार, कोडाबली प्रधान, सुदाम प्रधान के घर की छत पूरी तरह उजड़ गयी है. कार्तिक पवार के पॉल्ट्री फॉर्म की छत उड़ गयी है. आंधी-तूफान से मची तबाही की जानकारी गांव के मुण्डा विनोद पवार द्वारा विधायक सोनाराम सिंकू तथा जगन्नाथपुर अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को दी गयी थी. इसी सूचना के बाद विधायक सोनाराम सिंकू, बीडीओ संतोष कुमार व सीओ तृप्ति विजया कुजूर के साथ बासुदेवपुर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया था. इस दौरान जगन्नाथपुर थाना के एएसआई नंदकिशोर सिंह व दण्डाधिकारी उमाकांत महतो, ग्रामीण मुण्डा विनोद पवार व मुण्डुई पंचायत के मुखिया उपस्थित थे.







