
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज के गेट पर गुरुवार को उस वक्त अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब कॉलेज गेट पर छात्र प्रतिनिधियों ने स्थानीय विधायक सरयू राय से कॉलेज प्रबंधन की शिकायत की. जब विधायक सरयू राय पहुंचे तो उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों की शिकायतों को सुना और कॉलेज प्रबंधन से बातचीत करने का आश्वासन दिया. कॉलेज में इंटरमीडिएट के टॉपर विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था. समारोह में क्षेत्र के विधायक सरयू राय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था. लेकिन कोरोना संकट, सोशल डिस्टेंसिंग व अधिक भीड़ न जुटे इसे ध्यान में रखते हुए कम ही लोगों को आमंत्रित किया गया था. इसमें छात्र प्रतिनिधियों को सूचना नहीं दी गयी थी. इससे छात्र प्रतिनिधि नाराज थे. छात्र प्रतिनिधि के रूप में प्रेम प्रकाश दूबे ने प्राचार्या मुदिता चंद्रा के समक्ष नाराजगी जताते हुए यह पूछा कि समारोह में छात्र प्रतिनिधियों को आमंत्रित क्यों नहीं किया गया. उसके बाद प्रेम प्रकाश दूबे, मंगल, प्रवीण समेत अन्य कॉलेज गेट पर जाकर विधायक सरयू राय के आने का इंतजार करने लगे. विधायक सरयू राय के वहां पहुंचते ही उन्होंने श्री राय को रोका और शिकायत की. इसके बाद सरयू राय ने सभी की बातों को सुना, जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन का लोगों ने विरोध किया. हालांकि, इसके बाद कार्यक्रम आराम से संचालित हुआ.







