
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सुवर्णरेखा परियोजना के ईंचा चालियामा के प्रमंडलीय कार्यालय के रोकड़पाल यानी कैशियर सोखाराम गोराई को घूस के 25 हजार रुपये रकम लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. उसको गिरफ्तार कर जमशेदपुर के सोनारी स्थित एसीबी के दफ्तर में लाकर पूछताछ की गयी, जिसके बाद उनको जेल भेजा जा रहा है. दरअसल, पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा के पाम्बाड़ा निवासी चंद्रमोहन देवगम खरकई बांध प्रमंडल संख्या 2 ईचा चालियामा, सरायकेला-खरसावां से रिटायर हो गये थे. सेवानिवृति के छह माह बाद भी उनको पेंशन, ग्रेच्यूटी आदि का भुगतान प्रमंडलीय कार्यालय ईचा चालियामा, जिला सरायकेला-खरसावां के रोकड़पाल यानी कैशियर सोखा राम गोराई द्वारा नहीं किया जा रहा है. इसको रिलीज करने के एवज में 30 हजार रुपये घूस मांगे जा रहे थे. उक्त कैशियर के खिलाफ चंद्रमोहन देवगम ने जमशेदपुर स्थित एसीबी थाना में शिकायत दर्ज की और फिर जब इसका सत्यापन किया गया तो इस केस को सही पाया गया, जिसके बाद एसीबी ने 25 हजार रुपये घूस लेते हुए उसको रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.













