जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एसडी पब्लिक स्कूल की बस से हुई दुर्घटना में सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान गोविंदपुर निवासी रूही कुमारी के रूप में हुई है. हादसे में गोविंदपुर निवासी 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन शर्मा घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. हादसे की परिस्थितियों और बस चालक की भूमिका की जांच की जा रही है. घटना के बाद मृत बच्ची के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में भी शोक का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)

बस चालक बस के साथ मौका देखकर फरार होने की कोशिश करने लगा, जहां चालक को टेल्को बीएड कॉलेज के पास से पकड़ा गया.




