
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित टाटा स्टील के एचएसएम गेट के सामने एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौत हो गयी. मरने वाला युवक बर्मामाइंस लक्ष्मीनगर झगड़ू बागान का रहने वाला रितिक कुमार सिंह था, जिसकी उम्र 20 साल थी. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना रात करीब 8 बजे की है. रितिक कुमार सिंह अकेले ही अपनी बाइक से साकची में मोबाइल बनाने के लिए गया था. मोबाइल बनाने के बाद वह साकची बाजार से वापस बर्मामाइंस लक्ष्मीनगर अपने घर जा रहा था कि रास्ते में बर्मामाइंस एचएसएम गेट के पास अचानक से एक ट्रेलर ने कंपनी की ओर अपना रुख कर लिया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया.

ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. लोगों ने उसको उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी थी. युवक की पहचान उसके पॉकेट में रखे कार्ड से पता चला. उसके मोबाइल से लोगों ने उनके घर पर फोन किया, जिसके बाद उसकी पहचान हुई. इसके बाद परिवार के लोग पहुंचे और उसको तत्काल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया है. परिजनों ने चालक और ट्रेलर के मालिक पर केस दर्ज किया है और लोगों ने हंगामा किया. इन लोगों का कहना था कि इस तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए किसी तरह का कोई उपाय नहीं किया गया है, जिससे आज उसके भाई की मौत हुई है कल किसी और की होगी. इसको लेकर जमकर हंगामा किया गया. युवक रितिक कुमार सिंह शादीशुदा नहीं था. उसके पिता का देहांत पहले हो चुका था. उसके दो बड़े भाई भी है. इस घटना के बाद परिवार पर मातम की मार पड़ गयी है.







