जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया पंचायत मंडप के समीप मंगलवार की दोपहर मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार एक हाइवा ने बाइक सवारों को बुरी तरह से कुचल दिया. घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि उसके साथी के दोनों पैर की हड्डियां टूट गयी हैं और गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने कांकीडीह-दांदूडीह मुख्य सड़क को जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जबकि शव बीच सड़क पर ही पड़ा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में स्थानीय युवक भैरव महतो ने बताया मृतक संदीप सिंह (30) कांकू गांव का रहने वाला है जो जमशेदपुर में मजदूरी करता था. बाइक पर सवार दूसरा युवक उसका रिश्तेदार पश्चिम बंगाल के हेंसला गांव का रहने वाला बताया जाता है. संदीप हेंसला स्थित अपने मामा घर में ही पत्नी व एक बेटा (3 वर्ष) के साथ रहता था. (नीचे भी पढ़ें)

वह जमशेदपुर से काटिन चौक तक बस पर आया था और उसका रिश्तेदार उसे लेने के लिए काटिन गया था. दोनों एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे कि बंगाल से ओड़िया पंचायत के किसी क्रशर प्लांट में गिट्टी लेने के लिए आ रहा तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दिया. इस घटना में संदीप का सिर बुरी तरह से कुचला गया है. मृतक तीन भाइयों में मझला था. घटनास्थल पर उसके भाई और अन्य परिजन पहुंच चुके हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.














