
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना के सामने सर्विस रोड पर एक कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई. राहगीरों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी, वहीं स्कूटी सवार दोनों किशोर (नाबालिग) रॉन्ग साइड से आ रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. स्कूटी पर सवार दोनों किशोर घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जुट गई. वहीं कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि कार के आगे झामुमो से जुड़ा एक (नेम प्लेट) लगा हुआ था. यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि शहर में ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर रोक लगाना कितना जरूरी हो गया है. साथ ही अभिभावकों से भी अपील है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है.






