चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला चांडिल रेंज के कुकड़ू गांव का है, जहां हाथी के हमले में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक की पहचान मुनीराम गोराई (50) के रूप में हुई है. घटना को लेकर पूरे गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है.
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप एक शव पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. बाद में वन विभाग और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना पाकर वन विभाग की टीम और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया.
ग्रामीणों ने बताया कि मुनीराम गोराई रविवार शाम गांव से ब्लॉक परिसर की ओर गए थे, जहां रोजाना ग्रामीण बैठकी के लिए जुटते हैं. देर शाम घर लौटने के दौरान रास्ते में उनका सामना जंगली हाथियों से हो गया. बताया जा रहा है कि हाथियों ने उन पर हमला कर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार गांव के आसपास दो जंगली हाथी लगातार घूम रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत बना हुआ है. हालात ऐसे हैं कि लोग शाम होने के बाद घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं. वन विभाग ने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, समूह में चलने और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने की अपील की है. लगातार हो रहे हाथियों के हमलों से चांडिल और आसपास के गांवों के लोग सहमे हुए हैं. ग्रामीणों ने वन अधिकारियों से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.






