जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका के पटमदा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक मैजिक वैन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जलडहर गांव निवासी अजीत सहिस (40) के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, अजीत सहिस पेट्रोल पंप से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पटमदा के बेलटांड़ से झाड़बनी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मैजिक वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीत के सिर में गंभीर चोट लगी. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मैजिक वैन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. इस सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने और नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. इस हादसे से अजीत सहिस के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था. अजीत अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं. घटना के समय उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थीं. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.






