जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के निर्मल चौक-ताता पत्थर के समीप मंगलवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुआ. दुर्घटना में 24 वर्षीय राकेश महतो की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान धनिया निवासी राकेश महतो के रूप में हुई है. बताया गया कि राकेश टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था और ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान निर्मल चौक-ताता पत्थर के पास हादसा हो गया. परिजनों के अनुसार राकेश घर का इकलौता बेटा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार राकेश ग्लैमर बाइक पर सवार था, जबकि दूसरी ओर से बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक आ रहे थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई. स्प्लेंडर सवार तीनों युवक जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के तिलामुड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घायलों की पहचान समीर माझी (17), समीर कालिंदी (20) और बिरसा माझी (18) के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया. तीनों घायलों का इलाज जारी है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर पिछले कुछ समय में 8 से 10 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, सड़क संकेतक और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था करने की मांग की है.




