कमलपुर : पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा पुलिया में मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित खाली ट्रक पुलिया की रेलिंग से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क करीब पांच घंटे तक पूरी तरह जाम रही. स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रहा था. चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से जा टकराया, जिससे ट्रक सड़क पर फंस गया और आवागमन बाधित हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की. चालक ने पुलिस को बताया कि झपकी आने के कारण उसका वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई, जबकि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई. बुधवार को सुबह करीब सात बजे जमशेदपुर से क्रेन मंगाई गई. क्रेन की मदद से ट्रक हटाकर करीब साढ़े सात बजे सड़क को आवागमन के लिए साफ कराया गया.




