जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर नाबालिग बच्चों के हाथों में गाड़ी देने का खतरनाक नतीजा सामने आया है. थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल रही है इसका ताजा मामला मंगलवार दोपहर देखने को मिला. जानकारी के मुताबिक 6 नाबालिग बच्चे स्कूटी पर सवार होकर डोबो डैम नहाने गए थे. वहां हंसी-मजाक के दौरान चार बच्चे स्कूटी लेकर आगे निकल गए जबकि दो बच्चों को वहीं छोड़ दिया. इसी बीच तेज रफ्तार में जा रही स्कूटी को एक पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी पर सवार चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने जब बच्चों से पूछताछ की, तो पता चला कि सभी बच्चे नाबालिग हैं और मानगो के आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं. घायल बच्चों की पहचान अजमल, सरफराज, फैजान और तस्लीम के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं तस्लीम की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे पहले गुरु नानक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर कब तक नाबालिग बच्चों के हाथों में वाहन सौंपे जाते रहेंगे.







