जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड पर मदीना गार्डन के समीप बुधवार सुबह एक बस में अचानक आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. तेज लपटों ने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है. मानगो थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं.







