जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित न्यू रानीकुदर रोड नंबर 3 में एक बंद पड़े मकान में रह रही एक अर्ध-विक्षिप्त महिला की हरकतों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला अक्सर घर के अंदर कचरा और अन्य सामान इकट्ठा कर उसमें आग लगा देती है. इस वजह से आसपास के घरों में आग फैलने का खतरा बना रहता है और लोग लगातार भय और सतर्कता में जीवन जीने को मजबूर हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार हो चुकी है, जिससे मोहल्ले के लोगों की चिंता और बढ़ गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने महिला को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही उसे उचित इलाज और देखभाल के लिए संबंधित विभाग को सौंपने की प्रक्रिया भी जारी है. इधर, मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति बनी रहे.




