जमशेदपुर : जमशेदपुर की डीसी विजया जाधव ने दो अहम कदम उठाया है. इसके तहत खैरबनी में ठोस अपशिष्ट ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण में अवरोध को रोकने और गदड़ा और बिरसानगर में जमीन घेराबंदी को लेकर अलग-अलग समिति बनायी गयी है.
खैरबनी में ठोस अपशिष्ट ट्रीटमेन्ट प्लांट के निर्माण में अवरोध दूर करने हेतु उपायुक्त ने गठित की टीम
जमशेदपुर अंचल अंतर्गत गोविन्दपुर थाना के मौजा – खैरबनी में ठोस अपशिष्ट ट्रीटमेन्ट प्लांट के निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा भूमि चिन्हित की गई है. निर्माण का कार्य प्रारंभ करने के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा इस योजना का विरोध किया जा रहा है. इस संबंध में ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने हेतु जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव द्वारा टीम गठित किया गया है जिसमें अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, विशेष पदाधिकारी, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, कार्यपालक पदाधिकारी मानगो नगर निगम, कार्यपालक पदाधिकारी आदित्यपुर नगर निगम, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी जमशेदपुर तथा निर्माणकर्ता एजेंसी के प्रतिनिधि शामिल हैं. उपायुक्त के निदेशानुसार मंगलवार 13 जून को गठित टीम ग्रामीणों के साथ संवाद सभा करेगी एवं योजना के निर्माण हेतु सकारात्मक समाधान प्रस्तुत किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गदड़ा एवं हुरलुंग में सरकारी भूमि के अतिक्रमण एवं विक्रय पर रोक हेतु गठित की टीम, दिए जांच के निर्देश
जमशेदपुर अंचल के गदड़ा और हुरलुंग पंचायत अंतर्गत सरकारी भूमि का अतिक्रमण एवं अवैधानिक तरीके से विक्रय का मामला प्रकाश में आ रहा है. इस गतिविधि के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने से इंकार नहीं किया जा सकता है. ऐसी गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित करने एवं रोक लगाने हेतु उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा समिति का गठन किया गया है. समिति में एडीसी जयदीप तिग्गा, एसडीओ जमशेदपुर, डीसीएलआर रविन्द्र गगराई, जमशेदपुर सीओ अमित श्रीवास्तव, कार्यपालक पदाधिकारी संतोष महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे. उपायुक्त द्वारा निदेश दिया गया है कि गठित समिति यथाशीघ्र गदड़ा और हुरलुंग पंचायत अंतर्गत सरकारी भूमि के अतिक्रमणकारियों एवं अवैधानिक तरीके से खरीद-बिक्री करने वाले को चिन्हित कर उनके विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करे.




