
जमशेदपुर : जमशेदपुर में रात को 8 बजे से लॉकडाउन लगाने के बाद कार्रवाई भी तेज कर दी है. इसके तहत राज्य भर में रात आठ बजे के बाद दुकानों को बंद करने के आदेश के बाद शहर में भी दुकानें बंद हो जा रही है पर कुछ दुकानदार ऐसे भी है जो कि लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए नियम की अनदेखी करते नजर आ रहे है. शनिवार को सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व वाली टीम ने रात आठ बजे के बाद बिष्टुपुर बाजार में छापेमारी की. इस दौरान जे एन ए सी के विशेष पदाधिकारी कृष्णा कुमार और सिटी मैनेजर रवि भारती भी मौजूद रहे. टीम ने बिष्टुपुर बाजार में छापेमारी के दौरान टीम गीतांजलि बार के पीछे से घुसी. टीम और पुलिस को देखते ही बार में हड़कंप मच गया. पुलिस दरवाजा ठोकती रही पर काफी देर तक किसी ने दरवाजा नहीं खोला. थोड़ी देर बाद दरवाजा खुला तो टीम ने पाया कि बार में कोरोना के नियमों की अनदेखी कर 8 बजे के बाद भी शराब का सेवन करवाया जा रहा था. टीम ने तत्काल बार को सील करने का आदेश दे दिया. यहां से टीम बिष्टुपुर के खाउ गाली में गई जहां कुछ ठेले वाले बंद करते दिखे. सभी को हिदायत दी गई की रात 8 बजे तक दुकान बंद कर दी जाए नही तो दुकान को 48 घंटे के लिए सील कर दिया जाएगा. इधर, सरकार द्वारा जारी किए एसओपी के अनुपालन में कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय के निर्देशानुसार कार्यालय मानगो नगर निगम के द्वारा डिमना रोड, न्यू पुरुलिया रोड, पुरुलिया रोड, पारडीह, बालिगुमा, डिमना चौक एवं अन्य क्षेत्रों में दौरा कर शाम 8:00 बजे के बाद खुले दुकानों को चेतावनी देते हुए बंद करवाया गया. सभी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को शाम 8:00 बजे से पहले दुकान बंद करने की अपील की गई. कई फुटपाथ विक्रेताओं को भी फुटपाथ से दुकान 8:00 बजे तक हटाने का निर्देश दिया गया. इस दौरान कार्यालय द्वारा अनाउंसमेंट करते हुए दुकानदारों को दुकान बंद करने का निर्देश दिया गया साथ ही उद्घोषणा करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने एवं मास्क के प्रयोग करने की अपील की गई. कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय ने कहा शाम 8:00 बजे के बाद दुकान खुले पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर कार्यालय कर्मी अंशु कुमार, राजेश कुमार आदि उपस्थित थे.






