
जमशेदपुर : जमशेदपुर के होटल व रेस्टोरेंट मालिकों ने जमशेदपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के बैनर तले होटल और रेस्टोरेंट के कारोबार से संबंधित तमाम परेशानियों को लेकर अपनी आवाज को बुलंद की है. इसके तहत होटल व रेस्टोरेंट के मालिकों ने राज्य के पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय से मुलाकात की. इन लोगों ने कहा कि पहले से ही कोविड के कारण परेशानी का सामना होटल बिजनेस कर रहा है और ऊपर से अब रात आठ बजे तक दुकानों को बंद करा दाय जा रहा है. इससे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. होटल और रेस्टोरेंट घाटे में चल रहा है. कर्मचारियों का वेतन देना है, बिजली, पानी का खर्चा है, रेंट देना है, इस तरह की मुश्किलों के बीच होटल का कारोबार चला पाना मुश्किल हो चुका है. ऐसे में राहत देने की जरूरत है. इसके बाद सरयू राय ने तत्काल राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से फोन पर बात की और होटलों के मालिकों की समस्याओं से उनको अवगत कराया. इन लोगों ने डिमांड की है कि कम से कम रात दस बजे तक होटलों और रेस्टोरेंट का संचालन 50 फीसदी क्षमता के साथ करने की इजाजत दी जाये ताकि रेस्टोरेंट को बचाया जा सके और एक बड़े व्यवसाय को बचाया जा सके.




