जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, उद्यान तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा किसानों को योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 28 प्रतिशत धान की रोपनी हो चुकी है तथा मौसम अनुकूल रहने पर 20 अगस्त तक लगभग 90 प्रतिशत रोपनी पूर्ण होने की संभावना है. उपायुक्त ने कृषि पदाधिकारी को लगातार मॉनिटरिंग करते हुए किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि रोपनी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसानों को बीज वितरण का कार्य एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि दलहन फसलों के लिए अरहर, मूंग एवं उड़द के बीज सभी प्रखंडों में उपलब्ध हैं, अब यह सुनिश्चित करें कि एक सप्ताह में सभी पात्र किसानों के बीच बीज का वितरण पूर्ण हो. बैठक में कृषक पाठशाला कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषक पाठशाला के लिए योग्य एवं इच्छुक किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से करते हुए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती, जल संरक्षण तथा कृषि विविधीकरण संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें. खाद वितरण की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में पंजीकृत विक्रेताओं के माध्यम से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने की शिकायतों की नियमित जांच की जाए. दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उनका लाइसेंस निरस्त किया जाए. साथ ही सभी विक्रेताओं के स्टॉक का नियमित भौतिक सत्यापन कर उपलब्धता एवं वितरण की निगरानी सुनिश्चित की जाए. किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कम संख्या में प्राप्त आवेदनों पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय खेती-बाड़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में केसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है. सभी प्रखंडों में केसीसी आवेदन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि यदि किसानों को खाद एवं बीज के साथ-साथ समय पर केसीसी का लाभ नहीं मिलेगा तो कृषि कार्य प्रभावित होगा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में कृषक मित्रों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों एवं प्रखंडों से केसीसी के आवेदन कम प्राप्त हुए हैं, वहां विशेष प्रयास किए जाएं तथा किसानों को जागरूक कर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं. साथ ही कृषक मित्रों के लंबित मानदेय के भुगतान हेतु आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया. पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत पशुधन वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। पसुपालन पदाधिकारी ने बताया कि लाभुकों के केसीसी से संबंधित आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। ऐसे मामलों का त्वरित सत्यापन कर स्वीकृति सुनिश्चित करने के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पशुधन के लाभुकों को पशुपालन के वैज्ञानिक तरीकों, संतुलित पशु आहार, नियमित टीकाकरण, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा पशुधन की मृत्यु की स्थिति में बीमा दावा प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण देने की बात कही ताकि योजना का लाभ स्थायी रूप से किसानों तक पहुंचे. मत्स्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मत्स्य बीज वितरण का कार्य जारी है. उपायुक्त ने वितरण कार्य में तेजी लाने तथा शेष 40 तालाबों की बंदोबस्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिससे मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिल सके. सहकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागीय गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को सहकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. जेएसएलपीएस की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को लेयर एवं बैकयार्ड फार्मिंग के लिए प्रोत्साहित करने तथा आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि महिला समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्द्धन से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए. बैठक में उप विकास आयुक्त समेत संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस व अन्य संबंधित उपस्थित थे.


















