रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा है कि छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस दोहरी राजनीति कर रही है. एक तरफ कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर हाय तौबा मचा रही है, वहीं दूसरी तरफ झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल सहित अन्य भर्ती परीक्षा घोटाले पर उनकी जुबान पर ताला जड़ा हुआ है. उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ में तो झारखंड के 19 बच्चों की मौत हो गयी थी. कांग्रेस के नेताओं की जुबान इस मामले पर बंद क्यों हैं. सांसद श्री साहू संसद भवन के समक्ष प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे. झारखंड के भाजपा से सांसदों ने राज्य में भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन में सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल शामिल थे. सांसदों ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. (नीचे भी पढ़ें)
श्री साहू ने कहा कि झारखंड में जब-जब कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनी है, तब तब छात्रों, युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है. हमारी पार्टी की मांग है कि दिल्ली से कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी झारखंड की धरती पर जायें. वहां की जनता इनका चेहरा देखना चाहती है. झारखंड की जनता इनसे पूछना चाहती है कि आपका दोहरा चरित्र क्यों है. मुंह पर ताला बंद क्यों है. उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछले छह वर्षों में हेमंत सरकार में जितनी भी भर्ती परीक्षा में अनियमिताएं हुई है, पेपर लीक हुआ है, सभी मामलों की सीबीआई जांच हो. इस मामले में जो भी दोषी हो, उन्हें जेल की सलाखों में भेजे. झामुमो की सरकार सीआईडी जांच के बहाने इन घोटालों पर पर्दा डालने की कवायद में जुटी हुई है.


















