जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गोसाईंटोला में शनिवार रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक व्यक्ति की कार पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़ित एसआइएस सिक्योरिटी गार्ड नितेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है. उनकी कार घर के पास खड़ी थी, जब कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी. संयोग से एक राहगीर ने कार में आग लगी देख तुरत घर का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद परिवार ने मिलकर आग पर काबू पाया. (नीचे भी पढ़ें)

नितेश ने बताया कि इस घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं, पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. उन्होंने घटना की सूचना तुरत 112 नंबर पर कॉल कर और बागबेड़ा थाना प्रभारी को दी. पीड़ित ने यह भी बताया कि लगभग 10 दिन पहले उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार डर के माहौल में जी रहा है. उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके जान-माल को भी खतरा हो सकता है. फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।





