चरणजीत सिंह / जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी और आजादनगर थाना पुलिस ने दो मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के घर रविवार को इश्तेहार साटा. पहला मामला सोनारी थाना क्षेत्र के रुपनगर के पास रोहित पासवान की हत्या के मामले में फरार चल रहे हेते गिरोह के संतोष ठाकुर उर्फ टकेला और सन्नी कर्मकार के घर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया. रविवार को सोनारी पुलिस ढोल-नगाड़ों के साथ पहले सोनारी जहिरा बस्ती स्थित संतोष ठाकुर के घर पहुंची. यहां पुलिस ने घर के बाहर इश्तेहार चस्पा किया. इसके बाद पुलिस बिलास बस्ती स्थित सन्नी कर्मकार के घर पहुंची. इसके अलावा पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी इश्तेहार चस्पा किया. (नीचे भी पढ़ें)
सोनारी थाना के एसआई वारिस हुसैन ने बताया कि रोहित पासवान की हत्या के मामले में कुल दोनों पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान के क्रम में कुल 29 आरोपियों की पहचान की गई थी जिसमें अब तक 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पांच आरोपी अब भी फरार हैं जिसमें सन्नी कर्मकार और संतोष ठाकुर का भी नाम है. दोनों को 20 अगस्त तक कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया गया है. इस तिथि तक दोनों कोर्ट में हाजिर नहीं होते हैं तो उनके घर की कुर्की की जाएगी. बता दें कि 21 दिसंबर 2021 की रात को रुपनगर के पास रोहित पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना में प्रमिला नामक एक महिला को भी गोली लगी थी. वहीं दूसरी ओर आजादनगर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में नियर चेपापुल महलगांव निवासी मो. यासर के घर इश्तेहार चस्पा किया. उसके खिलाफ पत्नी महजबीन ने मामला दर्ज कराया था. उसे 20 जुलाई तक कोर्ट में हाजिर होने का आदेश है. नहीं होने पर घर की कुर्की की जाएगी. यह इश्तेहार अलोक कुमार की अदालत से निर्गत हुआ है. पुलिस ने उनके मोहल्ले में ढोल नगाड़े भी बजाए और बस्ती वासियों को सूचित किया.





