बहरागोड़ा : बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने विधानसभा के शून्यकाल के माध्यम से राज्य सरकार से यह मांग उठाई कि प्राइवेट मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेज, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय और मदरसा विद्यालयों को भी 75 प्रतिशत बढ़ोतरी वाली अनुदान राशि दी जाए. उन्होंने बताया कि सरकार ने 2004 के विस्तारित शैक्षणिक संस्थान अधिनियम एवं नियमावली के तहत प्राइवेट संस्थानों के अनुदान में 75 फीसदी वृद्धि का निर्णय लिया था, लेकिन फिलहाल इसका लाभ केवल डिग्री कॉलेजों को ही मिल रहा है. विधायक समीर मोहंती ने कहा कि इंटर कॉलेज, उच्च विद्यालय व संस्कृत तथा मदरसा विद्यालयों को इस बढ़ी हुई राशि से वंचित रखना उचित नहीं है. इसलिए सरकार सभी पात्र संस्थानों को इसका लाभ सुनिश्चित करें.



