कोल्हान/चांडिल: सरायकेला खरसावां जिले के सिंहभूम कॉलेज चांडिल में बुधवार को स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान झारखंड छात्र मोर्चा की जिला इकाई ने नव पदस्थापित प्राचार्य डॉ सुनील मुर्मू का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया. जिलाध्यक्ष सुदामा हेम्ब्रम के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मान समारोह में छात्र संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के प्रति विश्वास व्यक्त किया और महाविद्यालय के शैक्षणिक व प्रशासनिक विकास की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया. जिलाध्यक्ष हेम्ब्रम ने कहा कि चांडिल डिग्री महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण शिक्षा केंद्र है और नए प्राचार्य से छात्रों को नई दिशा तथा ऊंचा शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि छात्र मोर्चा सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने तथा कॉलेज प्रशासन के साथ समन्वय कायम रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा. (नीचे भी पढे़ं)
प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू ने सम्मान के लिए सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करना, छात्र-हितों को प्राथमिकता देना तथा महाविद्यालय को शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनाना है. उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में छात्र संगठनों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और आगे भी वे मिलकर बेहतर काम करने की दिशा में प्रयासरत रहेंगे. कार्यक्रम में छात्र नेता हेमंत हेम्ब्रम, सुबोध सिंह मुंडा, रंजन सोरेन, भरत मांझी, वरिष्ठ छात्र नेता सोमाय टुडू सहित अनेक छात्र व युवक उपस्थित थे. समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.



