
जमशेदपुर : पिछले दिनों बर्मामाइंस के लांग टॉम बस्ती में सरयू राय के नाम का शिलापट्ट तोड़े जाने के बाद उपजे विवाद के बाद भाजमो व भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. दोनों ही दलों के नेता अब भूमि माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं. दोनों दलों की ओर से शनिवार की शाम अपने-अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता की गयी, जिसमें भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी व पप्पू पर रुइया पहाड़ की जमीन बेच कर आलीशान मकान बनाने का आरोप लगाया. वहीं रामबाबू तिवारी ने विधायक सरयू राय पर हमला बोलते हुए उन पर भूमि माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि क्षेत्र में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम वाले कई शिलापट्ट तोड़े गये, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय जनता मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन से बर्मामाइंस लांग टॉम बस्ती में शिलापट्ट गायब करने एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के दौरान महिलाओं से अभद्रता एवं मारपीट करने वाले चिन्हित नामजद लोगों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है. ताकि क्षेत्र में शांति कायम रह सके. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार लांग टॉम बस्ती के लोगों को रुइया पहाड़ पर बसाया गया. यहां पर करीब 250 लोगों ने अपना अशियाना बनाया. यहां पर घर बनाने वालों की सूची में रामबाबू तिवारी व पप्पू सिंह का नाम नहीं था. यहां पर फिलहाल 500 लोगों के मकान हैं. यहां पर रामबाबू व पप्पू द्वारा जमीन को बेचा गया. इससे अर्जित रुपए से आलीशान इमारत खड़ी की है. उन्होने जिला प्रशासन से करोड़ों रुपए अर्जित करने की जानकारी मांगी है. बस्ती में इनके खिलाफ बोलने से लोग डरते है. इस बस्ती का नाम अचानक लांग टॉम से रघुवर नगर कर दिया गया. विधायक सरयू राय का एक शिलापट्ट लगाया गया. जिसका स्थानीय लोगो ने विरोध किया था. इसके बाद में शिलापट्ट को गायब कर दिया गया. पंडित दीनदयाल की पुण्यतिथि पर लोगों ने इस बस्ती का नाम दीनदयाल रख दिया. इसके बाद मामला और बढ़ गया. इस दौरान महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्रता की गयी. इसी क्रम में भाजमो की कार्यकर्ता लक्खी मुंडा घायल हो गयी थी. ये मामला बर्मामाइंस थानेदार व तैनात मजिस्ट्रेट के सामने हुई. बाद में झूठा मजमा बनाकर फर्जी एवं झूठा एफआईआऱ् भाजमो कार्यकर्ताओं पर दर्ज किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा अंतर्गत बर्मामाइंस के रघुवर नगर में शिलापट्ट तोड़े जाने, बोर्ड पर कालिख पोते जाने समेत पत्थरबाजी के मामले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने शनिवार को प्रेस को सम्बोधित किया. भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को में रामबाबू तिवारी ने कहा कि पिछले कई महीनों से बर्मामाइंस एवं पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में इनके लोगों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के विकास कार्यों के विभिन्न स्थानों पर लगे-जैसे- कंचननगर, लक्ष्मीनगर मैदान, जेम्को, डनलप मैदान के पास, बीपीएम स्कूल मैदान में लगे शिलापट्ट को तोड़ा गया. इसकी जानकारी प्रशासन को लिखित तौर पर दी गयी है, परंतु जब प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने के कारण भारतीय जनता मोर्चा के संरक्षण में असमाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता गया, जिसका परिणाम है कि प्रशासन को नजरअंदाज करते हुए रघुवर नगर में लगे सरकारी शिलापट्ट पर खुलेआम वीडियो वायरल कर कालिख पोतने एवं तोडने का का काम किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
रामबाबू तिवारी ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी की जनता महज चंद महीनों में विधायक सरयू राय के छल-प्रपंच की राजनीति से ऊब गयी है. विधायक श्री राय को यह बात समझ में आ गयी है कि उनकी चाल, चरित्र एवं चेहरे को क्षेत्र की जनता अब भली-भांति पहचान चुकी है. इसी बौखलाहट का परिणाम है कि उनके चहेते समर्थक एवं असामाजिक तत्व आतंक का नंगा नाच कर रहे हैं. जगह-जगह उन शिलापट्ट को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं, जमशेदपुर पश्चिमी का विधायक रहने के दौरान उन्होंने वहां भूमि माफियाओं को संरक्षण दिया था. इसी कहानी को जमशेदपुर पूर्वी में भी उन्होंने दोहराने की कोशिश की. यह बात सबसे पहले बिरसानगर में तब उजागर हुई. यहां के भाजपा कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता प्रकाश यादव की हत्या इनके चहेते मंडल अध्यक्ष एवं भूमि माफिया अमूल्यो कर्मकार के संरक्षण में हुई थी. प्रकाश यादव की हत्या अमूल्यो द्वारा भूमि का कारोबार में व्यवधान पैदा करने के कारण की गयी थी, इस मामले में अमूल्यो आज भी जेल में है. उन्होंने कहा कि इसके पहले भी जमशेदपुर पश्चिम के मानगो के भूमि माफिया गणेश सिंह इसी तरह मंगल कॉलोनी एवं दाईगुटू में कई जगह जमीन को घेर कर रखा है. उन्होंने कहा कि पुंज आयरन कंपनी, जिसे टाटा स्टील द्वारा लीज पर दिया गया था, वर्षों बंद रहने के उपरांत आज अतिक्रमण कर काला खेल खेला जा रहा है. विधायक सरयू राय के भतीजे एवं युगांतर भारती के कोषाध्यक्ष के भाई एवं शहर के उद्योगपति ने उस जमीन के भूखंड को कैसे खरीद लिया एवं उस पर बाउंड्री का निर्माण कर लिया. प्रेस-वार्ता के दौरान भाजपा जिला महामंत्री राकेश सिंह, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष दीपक झा उपस्थित थे.






