
रांची : झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती की गुरुवार को बंगलुरु में इलाज के दौरान मौत हो गयी. वे बंगलुरु स्थित एक अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे, जहां उन्होंने अंतिम सांसें ली. सजल चक्रवर्ती चर्चित चारा घोटाला के मामले में आरोपी है. आइएएस अधिकारी रह चुके सजल चक्रवर्ती अपने कद काठी और मोटापा के लिए भी जाने जाते थे. वे पहले रांची के रिम्स के दिल के रोग वाले स्पेशलिस्ट विभाग में कॉटेज में इलाजरत थे. उनको सांस लेने में भी दिक्कत थी. मेदांता अस्पताल में इससे पहले उनकी एंजीयोप्लास्टी हो चुकी थी. सजल चक्रवर्ती भाजपा के रघुवर दास की सरकार के वक्त मुख्य सचिव थे. मुख्य सचिव रहते हुए उनकी बहस मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ हो गयी थी, जिसके बाद रघुवर दास ने उनको उनके पद से हटवा दिया था. एक वक्त था जब सजल चक्रवर्ती के सामने अधिकारियों की लाइनें लगा करती थी, लेकिन अब उनके पास कोई देखने तक नहीं जाता था. हाल के दिनों में वे डिप्रेसन के भी शिकार थे और उनके परिवार में भी कोई लोग नहीं थे. पशुप्रेमी थे, जिस कारण वे अपने पशुओं के साथ ही समय बिताते थे. वैसे सजल चक्रवर्ती चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में चारा घोटाले के मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत ने 22 सितंबर 2017 को पांच साल की सजा सुनायी थी, जिसके बाद से वे जेल में ही थे. उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनको रांची के रिम्स में लाया गया था और फिर उच्चस्तरीय जांच के लिए बंगुलुरु ले जाया गया था. अपनी शर्तों पर नौकरी करने वाले ऑफिसर के रुप में सजल चक्रवर्ती को जाना जाता रहा है.





