जमशेदपुर : बिरसानगर थाना के पास गुरुवार को एक व्यक्ति पर फायरिंग का मामला सामने आया है. फायरिंग थाना के पास ही रहने वाले शंभु दास नामक व्यक्ति पर की गई. इस घटना में वह बाल-बाल बच गया. वह बिरसानगर थाना का मुखबिर बताया जाता है. जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे शंभु दास अपने घर के पास था. तभी बाइक पर आये युवकों द्वारा उस पर फायरिंग की घटना से देखते ही देखते अफरा तफरी मच गई. हालांकि गोली शंभु दास को नहीं लगी. घटना के बाद वह भागते हुए थाना पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी. उस बीच फायरिंग करने वाला फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस के वरीय अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनी. हालांकि मामले की जांच में जुटी पुलिस को अब तक घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है. आगे मामले की जांच की जा रही है.






