
जमशेदपुर : भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह द्वारा विधायक सरयू राय पर लगाये गये आरोपों पर सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा ने पलटवार किया है. भारतीय जनतंत्र मोर्चा के जमशेदपुर महानगर के जिलाअध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं जिला महामंत्री मनोज सिंह उज्जैन नें प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा नेता देवेंद्र सिंह पर हमला बोला है. सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा नेता देवेंद्र सिंह ने राजनीतिक सूर्खियां बंटोरने के लिए विधायक सरयू राय पर अनर्गल और तथ्यहीन आरोप लगाएं है जबकि देवेन्द्र सिंह शुरू से ही आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति रहे हैं और अधिवक्ता का चोला ओढ़कर जमशेदपुर में कई आपराधिक गतिविधि को संचालित कर रहे हैं. देवेन्द्र सिंह ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन का उपयोग आपराधिक गतिविधियों को चलाने के लिए किया है, जिसका प्रमाण उनपर लगे इन संगीन आरोपों से लगाया जा सकता है. इन लोगों ने बताया कि जुगसलाई में दीपक जायसवाल के मकान में 15-20 वर्षों तक किराये पर रहे, लेकिन कभी किराया नहीं दिया यहां तक की राजनीतिक धौंस दिखाकर मकान पर अवैध कब्ज़ा करके बैठ गए. मनोज सिंह उज्जैन ने कहा कि उन्होंने फुटपतिया नेता देवेंद्र सिंह को मकान से बाहर करवाकर मकान मालिक दीपक जायसवाल को राहत दिलवाई, जाते-जाते ये मकान मालिक का रेजकी भी नहीं छोड़े. यह बात से पूरा जमशेदपुर का हर कोई वाकिफ हैं. आरोप यह लगाया गया कि देवेंद्र सिंह उनके द्वारा बिष्टुपुर स्थित होटल एम्बेसी में ऊपरी तल्ला के कमरा को अवैध कब्जा किए हुए हैं और यह कथन भी सर्वविदित है. वर्ष 1985 से लेकर आज तक उक्त होटल के कमरे को उन्होंने कब्जा जमाया हुआ है और होटल मालिक को हमेशा प्रताड़ित करते रहे हैं. यह भी आरोप लगाया गया कि इनका तीसरा कारनामा सोनारी एफ रोड स्थित नवलक्खा अपार्टमेंट के बिल्डर को राजनीतिक धौंस दिखाकर फ्लैट हड़प लिया और बिल्डर को जेल जाने से बचाने के नाम पर फर्जी रजिस्ट्री करवा लिया. उक्त फ्लैट की कीमत 12 लाख रूपये बताई गई थी. देवेंद्र सिंह बताये की रजिस्ट्री में जो 12 लाख की राशि लिखी है, उसका किस चेक से भुगतान किया गया. देवेन्द्र सिंह के ऊपर कुछ दिन पूर्व भाजपा के पूर्व कदमा मंडल अध्यक्ष ने दीपू सिंह ने भी चुनाव के पैसों का बंदरबांट करने और कार्यकर्ताओं से धन उगाही का आरोप लगाया था जिसका उन्होंने आज तक जवाब नहीं दिया. भाजमो जिला महामंत्री ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि देवेंद्र सिंह पर लगे इन आरोपों की जिला प्रशासन गहराई और सघनता से जांच करवाए जिससे सच सामने आए जनता को इनके कुकृत्यों की जानकारी मिलें. अंत में श्री सिंह ने कहा कि रघुवर दास के इशारे पर भाजपा नेता अभय सिंह, देवेन्द्र सिंह सहित दर्जन भर अन्य नेता भारतीय जनता पार्टी का नाम लेकर अपने झूठे और निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं जबकि प्रदेश भाजपा के किसी भी नेता ने पूर्व मंत्री सह विधायक सरयू राय पर कभी किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया और ना ही ऐसा कोई निर्देश इन नेताओ को दिया है. इससे यह प्रमाणित होता है कि चुनाव में हार से फजीहत करा चुके रघुवर दास अपने खोती हुई राजनीतिक जमीन को बचाने के लिए इन छुटभैया नेताओं के कंधे पर बंदूक रखकर निशाना साधने का प्रयास कर रहे हैं.




