जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा में चुनावी माहौल तेज हो गया है. आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इसके तहत मंडल चुनाव हेतु सभी मंडलों में आगामी 23 एवं 24 मार्च को रायशुमारी की जाएगी. रायशुमारी में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सह संयोजक, भाजपा जिला पदाधिकारी, भाजपा मोर्चा जिला अध्यक्ष, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक को बुलाया गया है. (नीचे भी पढ़े)
इन लोगों को कहा गया है कि सारे लोग अपने चुनावी प्रभार वाले मंडल अध्यक्ष से वार्ता कर अपेक्षित सूची मंगवा लें एवं एक नियत स्थान तय कर 23 मार्च को जमशेदपुर पूर्वी एवं पश्चिम विधानसभा एवं 24 मार्च को पोटका एवं जुगसलाई विधानसभा के मंडलों में रायशुमारी संपन्न करवाएं. इस रायशुमारी को लेकर सवाल भी उठने लगे है. बताया जाता है कि जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के खिलाफ भी लोग शिकायत करने लगे है. वहीं, श्री ओझा पर आरोप है कि वे अपने चहेते मंडलों के अध्यक्ष बनवाना चाहते है और खुद जिला अध्यक्ष फिर से बनने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे है. हालांकि, सुधांशु ओझा ने कहा है कि वे इसको लेकर पार्टी के संविधान से बंधे है. आलाकमान का जो आदेश होगा, उसका अनुपालन होगा. वहीं, पार्टी के आला नेताओं द्वारा अपनाये जा रहे प्रक्रिया पर भी सवाल उठाये गये है.














