
जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जुगसलाई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे हराधन दास का निधन हो गया. उनके आकस्मिक निधन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शोक व्यक्त किया है. मंगलवार शाम भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हराधान दास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया. गुंजन यादव ने बागुनहातु स्थित हराधान दास के घर जाकर शोक संतप्त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक सच्चे व समर्पित सिपाही को खो दिया। संगठन में कार्यकर्ताओं को अभिभावक के रूप में मार्गदर्शन करने वाले हराधान दास के परिजनों के साथ भाजपा परिवार खड़ा है. संगठन को उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.
हराधन दास के निधन से रघुवर दास मर्माहत
भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हराधन दास के असामयिक निधन से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मर्माहत हैं. उन्होंने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा है कि श्री दास एक मृदुभाषी एवं मिलनसार व्यक्ति थे. राजनीति में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. उनके निधन से भारतीय जनता पार्टी को भारी क्षति हुई है. पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपना एक सच्चा साथी खो दिया है. श्री दास ने हराधन दास के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि दु:ख की इस घड़ी में वे तथा पूरी भारतीय जनता पार्टी उनके साथ है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर श्री दास के निधन से मर्माहत परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति दें.






