जमशेदपुर : जनसंघ काल से भारतीय जनता पार्टी को सींचने वाले एवं जमशेदपुर में भाजपा के आधार स्तंभ जयनारायण सिंह एवं भाजपा गोविंदपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष किशोरी लाल मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. बिरसानगर निवासी जयनारायण सिंह एवं गोविंदपुर निवासी किशोरी लाल का भुइयांडीह स्थित बर्निंग घाट पर उनके सुपुत्र के द्वारा मुखाग्नि दी गयी. अंतिम संस्कार में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष बबलू गोप, पवन सिंह समेत पार्टी के सभी वरीय नेतागण, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. इससे पूर्व, बिरसानगर जोन नंबर 1 बी एवं गोविंदपुर एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन को भाजपा नेताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.(नीचे भी पढ़े)

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सीएम रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, जिलाध्यक्ष गुंजन यादव समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने दिवंगत नेताओं के पार्थिव शरीर पर सम्मानपूर्वक पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया. इस दौरान आवास पर अंतिम दर्शन को आने वाले सभी लोगों की आंखें नम थी. भाजपा कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अपने नेताओं को अंतिम विदाई दी. इस दौरान पूर्व सीएम रघुवर दास ने बिरसानगर में दिवंगत जयनारायण सिंह के घर जाकर एवं गोविंदपुर में दिवंगत किशोरी लाल के घर जाकर शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दोनों वरीय नेताओं के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत नेताओं ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में पूरी तन्मयता और समर्पित भाव से संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पार्टी के समर्पित और कर्मठ सिपाही के रूप में सदैव कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत रहेंगे. उनके आदर्शों और समर्पण की भावना को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. पूर्व सीएम रघुवर दास ने परिजनों को ढाँढस बांधते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे एवं पूरा भाजपा परिवार परिवाजनों के साथ है. (नीचे भी पढ़े)

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव समेत कई नेताओं ने अर्थी को कंधा दिया. अंतिम यात्रा में शामिल सांसद विद्युत महतो ने दोनों नेताओं के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों वरीय नेताओं का निधन न केवल पार्टी के लिये अपूरणीय क्षति है बल्कि जमशेदपुर महानगर भाजपा ने नीतिवान नेता खो दिया है. श्री महतो ने दिवंगत नेताओं के आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. (नीचे भी पढ़े)

स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, देवेंद्र सिंह, मनोरंजन दास, राजहंस तिवारी, मिथिलेश सिंह यादव, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, खेमलाल चौधरी, पंकज सिन्हा, विकास सिंह, राकेश सिंह, पप्पू सिंह, मुकेश राय, पवन अग्रवाल, राजकुमार सिंह, संजीव सिंह, कमलेश सिंह, अमित अग्रवाल, कमलेश सिंह, बबलू गोप, पवन सिंह, हेमंत सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, मनीष पांडेय, इंदरजीत सिंह समेत सैकड़ों अन्य कार्यकर्ताओं ने नमन किया.(नीचे भी पढ़े)
भाजपा नेताओं की अंत्येष्टि में शामिल हुए काले

जनसंघ काल के नेता, कोल्हान के वरीय भाजपा नेता जयनारायण सिंह एवं गोविंदपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष किशोरी लाल की अंत्येष्टि में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले शामिल होकर नम आंखों से अंतिम विदाई दीं. दोनों ही नेताओं के आखिरी दर्शन के लिए कई गणमान्य लोग पहुंचें. श्री काले ने कहा कि भाजपा परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करे और पूरे परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे.



