
जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा के नेता मैनेजर प्रसाद का सोमवार को अंतिम संस्कार हो गया. उनका रविवार को निधन हो गया था. जनसंघ काल से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य, राम मंदिर शिला पूजन के सदस्य एवं राम मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े भाजपा जमशेदपुर महानगर के कई महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित करने वाले टेल्को निवासी मैनेजर प्रसाद सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. इससे पूर्व, टेल्को स्थित आवास पर अंतिम दर्शन को भाजपा नेताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व सीएम रघुवर दास, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव समेत पार्टी के नेताओं ने पार्थिव शरीर को पार्टी के ध्वज से सम्मानित करते हुए पुष्पमाला अर्पित कर नमन किया. इस दौरान पूर्व सीएम रघुवर दास ने परिवारजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मैनेजर प्रसाद के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ने एक अभिभावक तुल्य वरिष्ठ कार्यकर्ता को खो दिया है. अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने पूरी तन्मयता और समर्पित भाव से संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेंगे. उनका निधन पार्टी व सामाजिक स्तर पर बड़ी क्षति है जिसकी कमी पार्टी को हमेशा खलती रहेगी. उनके आवास पर अंतिम दर्शन को आने वाले सभी लोगों की आंखें नम थी. भाजपा कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी. भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनके बड़े पुत्र ने मुखाग्नि दी. स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर सांसद विद्युत वरण महतो, चंद्रशेखर मिश्रा, देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, दिनेश कुमार, राजकुमार सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, संजीव कुमार, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, राकेश सिंह, अनिल मोदी, सुधांशु ओझा, संजीव सिन्हा, पप्पू सिंह, राजीव सिंह, हेमंत सिंह, सुरेश शर्मा, दीपक झा, ध्रुव मिश्रा, संतोष ठाकुर, अजय सिंह, बबलू गोप, अमरजीत सिंह राजा, पप्पू मिश्रा समेत सैकड़ों अन्य कार्यकर्ताओं ने नमन किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

भाजमो ने मैनेजर प्रसाद को दी श्रद्धांजलि, विधायक सरयू राय ने कहा-मैनेजर बाबू के निधन से एक युग का अंत हो गया
भाजमो जमशेदपुर महानगर द्वारा जनसंघ के वरिष्ठ नेता मैनेजर प्रसाद के निधन पर बारीडिह स्थित विधानसभा कार्यालय में शोकसभा आयोजित किया गया. सभा में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय उपस्थित हुए. भाजमो नेताओं ने स्वर्गीय मैनेजर प्रसाद के चित्र पर पुष्पर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजली व्यक्त की. विधायक सरयू राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मैनेजर प्रसाद के जीवनी और उनके संघर्षों से रूबरू कराया. श्री राय ने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम शोक संवेदना व्यक्त करने जुटे हैं लेकिन जिन लोगों ने उनके साथ काम नहीं किया है उन्हें भी स्वर्गीय मैनेजर बाबू व्यक्तित्व को समझे और उनके आदर्शों और विचारों को जानना चाहिए. सन 1974-1975 में संगठन के अधिवेशन, बैठकों में भाग लेने के लिए जब जमशेदपुर से नेता पटना आते थे तब सांगठनिक विषयों पर उनकी तल्खी बढ़ जाती थी और वाद-विवाद, कार्यों की आलोचना-प्रतिआलोचना भी होती थी लेकिन बैठकों के बाद जब बाहर निकलते थे तो सभी बातों को इतर रख आपसी सदभाव और भाइचारे के साथ मिलते जुलते थे. उस दौर में कहीं भी व्यक्तिगत समूह में कटुता नहीं दिखाई देती थी. वर्ष 1980 के आस पास जब पार्टी में कार्यकर्ताओं की कमी थी और दिया लेकर खोजने पर भी कार्यकर्ता नहीं मिलते थे. उस वक्त मैनेजर प्रसाद जैसे वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की नीव रखी थी जो आज एक इमारत बनकर खड़ी है और आज केंद्र में एक बहुमत की मजबुत सरकार है. मैनेजर बाबू जैसे वरिष्ठ नेताओं के बदौलत राज्य में सरकार बनी लेकिन उन्होनें कभी भी स्वयं के लिए कुछ नहीं मांगा और हमेशा भरपूर उत्साह और निष्ठा के साथ संगठन के कार्यों को निष्पादित करते थे. श्री राय ने बताया की जब वे जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बने तक कई अवसर पर मैनेजर बाबू उनसे मिलने आते थे. वार्ता होती थी तब वे कमी की ओर ध्यान आकृष्ट कराते थे. उनकी बातों में कठोरता थी लेकिन भीतर से वे एक सरल और सहज भाव रखते थे. उनका व्यक्तित्व बिल्कुल नारियल की भांती बाहर से सख्त और भीतर से नर्म था. मैनेजर प्रसाद, रुद्र प्रताप सारंगी, सच्चिदानंद राय, बीके त्रिवेदी सरिखे नेताओं के साथ जेपी आंदोलन में कार्य किया. मैनेजर प्रसाद के निधन से एक युग का अंत हो गया लेकिन उनके कार्य और उनके विचार युगों युगों तक हम सभी को प्रेरित करते रहेंगें. हम सभी को उनके जीवनी से प्रेरणा लेते हुए उनके गुणों को अपने आचरण में उतारने का प्रयास करना चाहिए. कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजमो केंद्रीय उपाध्यक्ष राम नारायण शर्मा, जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नु, मनोज सिंह उज्जैन, उपाध्यक्ष भास्कर मुखी, दुर्गा राव, वंदना नामता, मंत्री विकास गुप्ता, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, महानगर प्रवक्ता सह विधायक के व्यवसायिक प्रतिनिधि आकाश शाह, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित शर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रकाश कोया, इंद्रजीत सिंह, विजय राव , शेषनाथ पाठक सुधीर सिंह,शंकर कर्मकार, विनोद यादव, एम चन्द्रशेखर राव, महेश तिवारी, विजय नारायण सिंह, असीम पाठक, राजेश झा, रामदास मेहता, गणेश चंद्रा, अकलेश यादव, मीना देवी,काकोली मुखर्जी,किरन सिंह, सीमा दास, रंजीता राय,पुतूल सिंह, नन्दिता गगराई,सरस्वती खामरी,खूश्बू, मार्टिन लेजरस, अशोक सिंह, निसीनाथ सिन्हा, प्रदीप प्रमाणिक स्थित अन्य उपस्थित थे.





