
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित आशियाना अनंतरा निवासी राम विनोद मिश्र साइबर ठगी का शिकार हो गए. साइबर ठगों ने उनसे उनकी क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर खाते से 1.39 की अवैध निकासी कर ली. इस संबंध में राम विनोद ने बिष्टुपुर स्थित एसबीआई क्रेडिट कार्ड के सेल्स मैनेजर सुशांत वर्मा पर आरोप लगाते हुए साइबर थाना में लिखित शिकायत की है. शिकायत में उन्होंने बताया कि वो एसबीआई क्रेडिट कार्ड के धारक है. कार्ड को बंद करवाने के लिए वे 5 फरवरी को बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में सेल्स मैनेजर सुशांत वर्मा से मिले थे. सुशांत ने उन्हे बताया कि शनिवार को कार्यालय बंद रहता है जिस कारण उनका कार्ड बंद नहीं हो पाएगा पर फिर भी वो कार्ड बंद करने का रिक्वेस्ट ईमेल भेज देते है. इसके लिए उन्होंने कुछ जानकारियां ली और कहा की गेट में बैठे सिक्योरिटी गार्ड के पास जानकारी लिखवा दे. कार्ड बंद होने पर उन्हें मेल से जानकारी मिल जाएगी. 7 फरवरी को उन्हे एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि वह एसबीआई कार्ड कार्यालय से बोल रहा है. कार्ड बंद करने के लिए उसने कार्ड नंबर, सीवीवी और एक्सपेयर डेट मांगा. इसके बाद उसने रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए ओटीपी को मांगा. ओटीपी बताने पर उनके एसबीआई कार्ड से चार बार में 1.39 लाख रुपए निकाल गए. इसकी जानकारी उन्हे 12 फरवरी को हुई जब एसबीआई कार्ड वालों ने उन्हे फोन कर जानकारी दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.







