जमशेदपुर : जमशेदपुर के भाजपा मानगो मंडल के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में 15 से 20 प्रतिशत तक की गई बढ़ोतरी के खिलाफ ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया कि झारखंड सरकार द्वारा लागू की गई नई कर व्यवस्था आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाली है. इसका असर फ्लैट में रहने वाले परिवारों, मकान मालिकों, छोटे दुकानदारों और मध्यम वर्गीय व्यवसायियों पर सीधे पड़ेगा. कार्यकर्ताओं ने बताया कि मानगो क्षेत्र में पहले से ही मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. पानी, सड़क, सफाई और ड्रेनेज जैसी जरूरी सेवाएं ठीक से उपलब्ध नहीं हैं. बढ़ती गर्मी के बीच जल संकट भी गहराता जा रहा है, जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. ऐसे हालात में टैक्स बढ़ोतरी को अन्यायपूर्ण बताया गया. (नीचे भी पढ़ें)

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि टैक्स वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए और पहले बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जाए. साथ ही, भविष्य में किसी भी निर्णय से पहले स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से परामर्श लेने की बात कही गई. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे.














